Ad Code

वामन रथयात्रा को लेकर तैयारियां तेज, डॉ. राकेश राय के नेतृत्व में हुई बैठक; मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन की चर्चा


बक्सर । वामन द्वादशी के अवसर पर 23 सितंबर को प्रस्तावित भगवान वामन की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच रही हैं। मंगलवार को वामन ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय के नेतृत्व में एक बार फिर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में रथयात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।



वामन ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रस्तावित यह आयोजन किला मैदान स्थित रामलीला मंच से सुबह आठ बजे शुरू होगा। रथयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भगवान वामन मंदिर पहुंचेगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन में भगवान वामन की भव्य झांकी, घोड़े, ऊंट सहित विभिन्न आकर्षण शामिल होंगे। वहीं पारंपरिक नृत्य मंडलियों के साथ हुड़का-पखावज नृत्य, ढोल-ताशा और बैंड-बाजे भी रथयात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। भगवान के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों के साथ बाल-बटुक भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।




इधर, वामन द्वादशी के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर आगमन की भी चर्चा तेज है। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की अब तक औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनके संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी अपने स्तर से तैयारियों में जुटा हुआ बताया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मुख्यमंत्री के भगवान वामन के दर्शन-पूजन के लिए बक्सर आने की खबरें सामने आई हैं।

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष रथयात्रा को पिछले आयोजनों की तुलना में और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पारंपरिक रंगों का समागम इस आयोजन की खासियत होगा। डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय के नेतृत्व में फाउंडेशन की टीम लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

आयोजन को लेकर शहर में भी उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं से सपरिवार रथयात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu