Ad Code

सेवा संकल्प में महिला मोर्चा की बड़ी भूमिका, कंचन देवी बोलीं- सेवा से जुड़ेगा समाज



17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, आंगन मिलन, स्वच्छता और रंगोली कार्यक्रमों से महिलाओं को जोड़ा जाएगा

बक्सर । सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में भाजपा महिला मोर्चा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को लेकर महिला मोर्चा ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने बताया कि अभियान के दौरान महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प का उद्देश्य महज कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा की भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में महिला मोर्चा की ओर से विशेष रूप से ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उन्हें अभियान से जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा स्वच्छता अभियान और रंगोली कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कंचन देवी ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से महिलाओं की रचनात्मकता के साथ भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को सामने लाया जाएगा। वहीं स्वच्छता अभियान के जरिए लोगों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



उन्होंने कहा कि सेवा किसी राजनीतिक दायरे तक सीमित नहीं है। रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक कार्यों की तरह सेवा संकल्प अभियान भी लोगों को एक-दूसरे के सहयोग के लिए प्रेरित करेगा। महिला मोर्चा का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक महिलाएं अभियान से जुड़ें और सेवा का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं।

कंचन देवी ने आम लोगों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सेवा संकल्प का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में जोड़ना, आपसी सौहार्द बढ़ाना और जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद करने की भावना को मजबूत करना है। अभियान के दौरान अलग-अलग तिथियों पर आयोजित कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu