Ad Code

हाईवा चालक से लूट के चार घंटे में तीन बदमाश गिरफ्तार, दो बाइक और तीन मोबाइल बरामद, चौथे आरोपी की तलाश में छापेमारी


बक्सर । नावानगर थाना क्षेत्र के धबछुआ मोड़ पर हाईवा चालक से कैश और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ज्यादा देर नहीं बच सके। घटना की सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने लूटकांड का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, कृष्णा कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। मामले में शामिल चौथा आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को धबछुआ मोड़ के पास चार बाइक सवार बदमाशों द्वारा हाईवा चालक से नगदी और मोबाइल लूटने की सूचना मिली थी। एसपी के निर्देश पर प्रभारी एसडीपीओ डुमरांव समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए उनके ठिकानों पर छापेमारी की और तीनों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जरूरतें पूरी करने के लिए छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे और मोटरसाइकिल चोरी में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूट में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिसमें चालक से लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। मामले में नावानगर थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज किया गया है।



गिरफ्तार कृष्णा कुमार के खिलाफ रोहतास जिले के दावथ थाना में वर्ष 2024 में धारा 393 के तहत लूट के प्रयास का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी हथियार की बरामदगी नहीं हुई है और प्राथमिकी में भी हथियार का उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से चार घंटे में कांड का खुलासा किया गया। बेहतर कार्य करने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार के लिए अनुशंसा की जाएगी।

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफ्फुल कुमार, कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, अपर थानाध्यक्ष नावानगर मिंटु कुमार, डीआईयू डुमरांव की टीम तथा संबंधित थानों के सशस्त्र बल शामिल रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu