बक्सर । शहर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान किला एक बार फिर भक्ति, आस्था और संस्कृति के रंग में रंगने को तैयार है। वर्ष 1941 से चली आ रही रामलीला की परंपरा के तहत श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में 4 से 23 अक्टूबर तक श्रीरामलीला एवं श्रीकृष्णलीला का भव्य आयोजन किया जाएगा। वृंदावन-मथुरा की श्री बाल कृष्ण रासलीला रामलीला मंडल के स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के संचालन में मंडली लगातार 38वीं बार राम और कृष्ण की लीलाओं का मंचन करेगी।
आयोजन की शुरुआत 4 अक्टूबर की शाम गणेश पूजन, शिव विवाह और नारद मोह की लीला से होगी। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्म, नंद महोत्सव, पूतना वध, माखन चोरी, राम जन्म, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। 9 अक्टूबर को सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ प्रमुख आकर्षण रहेगा, जबकि 10 अक्टूबर को लक्ष्मण-परशुराम संवाद और श्रीराम विवाह का मंचन होगा।
इसके बाद राम वनगमन, केवट प्रसंग, चित्रकूट वास, दशरथ मरण, भरत मिलाप, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण और शबरी प्रसंग जैसे रामायण के प्रमुख प्रसंग मंचित किए जाएंगे। 16 अक्टूबर को सुग्रीव मित्रता और वाली वध, 17 अक्टूबर को हनुमान जी का लंका प्रवेश एवं लंकादहन तथा 18 अक्टूबर को विभीषण शरणागति, सेतु स्थापना और अंगद-रावण संवाद का मंचन होगा।
विजयादशमी 20 अक्टूबर को दोपहर दो बजे रावण वध किया जाएगा। इससे पहले मेघनाथ वध, अहिरावण प्रसंग और राम-रावण युद्ध के दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। रावण वध के साथ धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया जाएगा।
21 अक्टूबर को राजा हरिश्चंद्र और 22 अक्टूबर को वीर अभिमन्यु नाटक का मंचन होगा। 22 अक्टूबर की रात 10 बजे यमुना चौक पर भव्य भरत मिलाप आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रीराम का रथ प्रदुम्न जी के हाता से और भरत जी का रथ मल्लाह टोली स्थित हनुमान मंदिर से निकलेगा। नगर भ्रमण के बाद दोनों रथ यमुना चौक पहुंचेंगे, जहां श्रद्धालु भव्य भरत मिलाप के साक्षी बनेंगे।
23 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक के साथ आयोजन का समापन होगा। समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार, रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, मर्यादा, भक्ति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments