बक्सर । भगवान वामन की अवतार स्थली बक्सर में वामन द्वादशी के अवसर पर 23 सितंबर को निकलने वाली विशाल रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रथयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय की अध्यक्षता में तैयारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण, सुरक्षा और व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन में करीब 20 प्रकार के पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य, विभिन्न बैंड, हाथी-घोड़े और गाजे-बाजे शामिल करने की तैयारी है। रथयात्रा को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की जा रही हैं।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि रथयात्रा के आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समर्थवान लोगों का आर्थिक सहयोग मिल रहा है। सहयोग मिलने पर फाउंडेशन ने लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि यह आयोजन अब सामूहिक सहयोग का रूप ले चुका है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में वोलेंटियर्स को भी मुस्तैद किया जाएगा।
गौरतलब है कि भगवान वामन की अवतार स्थली बक्सर में हर वर्ष वामन द्वादशी पर भव्य आयोजन किया जाता है। इस बार 23 सितंबर को रामरेखा घाट क्षेत्र स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर से भगवान वामन की रथयात्रा शुरू होकर वामन मंदिर तक जाएगी। आयोजन को लेकर वामन चेतना मंच और वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
रथयात्रा को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। आयोजकों का कहना है कि इस बार रथयात्रा में धार्मिक आस्था के साथ बक्सर की पारंपरिक संस्कृति और लोक कला की भी भव्य झलक देखने को मिलेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments