Ad Code

वार्ड 16 के परिसीमन पर बड़ा सवाल: किसके आदेश पर हुई मापी! पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने नगर परिषद को घेरा, कहा- जनता के भ्रम पर तत्काल दें जवाब


बक्सर । नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 में नए परिसीमन को लेकर मची हलचल अब राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। वार्ड की मापी और संभावित परिसीमन की चर्चा के बाद आम जनता के बीच बनी भ्रम की स्थिति को लेकर बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। मंगलवार को वार्ड संख्या 16 पहुंचकर उन्होंने संवाददाता सम्मेलन किया और नगर परिषद से पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने सवालों की झड़ी लगाते हुए पूछा कि आखिर नए परिसीमन की प्रक्रिया किस आधार पर चल रही है? क्या इसके लिए नगर परिषद द्वारा किसी समिति का गठन किया गया है? यदि समिति बनी है तो उसके अध्यक्ष कौन हैं और उसमें कितने सदस्य शामिल हैं? उन्होंने पूछा कि नए परिसीमन के लिए किस जनसंख्या को आधार बनाया गया है और शहर की मैपिंग तथा वार्डों की चौहद्दी तय करने का मानक क्या है?


उन्होंने कहा कि यदि वार्ड की सीमाएं बदलने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया चल रही है तो इसकी स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी जनता को क्यों नहीं दी जा रही है। नगर परिषद के सक्षम पदाधिकारियों को इन सवालों का जवाब मीडिया के माध्यम से देना चाहिए, ताकि लोगों के बीच फैली असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।

वार्ड 16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने दावा किया कि उनके वार्ड की मापी की गई है। जब मापी कर रहे लोगों से इसका कारण पूछा गया तो बताया गया कि वार्ड का नया परिसीमन होने वाला है। इसके बाद से ही वार्ड के लोगों में संशय और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि बार-बार वार्ड की सीमा और पते को लेकर उठ रहे सवालों के कारण आम लोगों को जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों में पता बदलवाने की चिंता सताने लगी है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की अस्पष्टता का खामियाजा आम जनता को नहीं भुगतना चाहिए।



पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने दो टूक कहा कि नगर परिषद को वार्ड 16 के परिसीमन से जुड़े पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी होगी। यदि कोई प्रक्रिया चल रही है तो उसका आधार और नियम सार्वजनिक किया जाए, और यदि ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं चल रही है तो जनता के बीच फैले भ्रम को तत्काल दूर किया जाए।

संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, वार्ड 16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर, कांग्रेस व्यवसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दौलत चंद गुप्ता, कामेश्वर पांडेय, गोपाल शर्मा, ई. रामप्रसन्न द्विवेदी, नीलू मिश्र, भृगुनाथ तिवारी, अभिषेक राय, मदन वर्मा सहित वार्ड के कई लोग मौजूद रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu