बक्सर । दानापुर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की तृतीय बैठक गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, दानापुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने की। इस दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशनों के विकास तथा रेल सेवाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) वीरेन्द्र कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) राजीव कुमार, मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा DRUCC के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने किया। उन्होंने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल में यात्री सुविधाओं के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।
इसके बाद समिति के सदस्यों ने रेल यात्रियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, यात्री सुविधाओं में सुधार तथा रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर अपने सुझाव और मांगें रखीं। बैठक में स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यात्री आश्रय, प्लेटफॉर्म सुविधाएं, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।
सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, नई यात्री ट्रेनों के परिचालन, समय-सारणी में सुधार तथा अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से संबंधित सुझाव भी दिए। मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि DRUCC रेलवे और रेल यात्रियों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच है। समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझाव यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यात्री-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों की अपेक्षाओं और सुझावों के अनुरूप सुरक्षित, स्वच्छ, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments