Ad Code

डुमरांव में आठवें दिन भी जारी रही सफाईकर्मियों की हड़ताल, जुलूस निकाल सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन


बक्सर । बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाईज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर परिषद डुमरांव में सफाईकर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मियों ने नया भोजपुर चौक से जुलूस निकालकर विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर परिषद कार्यालय तक प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के साथ वार्ता की।




सुबह सभी सफाईकर्मी नया भोजपुर चौक पर एकत्रित हुए, जहां से मार्च गजरावा होते हुए नया भोजपुर के गुंडा चौक पहुंचा। यहां आयोजित सभा को भाकपा (माले) नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, शिव शंकर तिवारी, वरिष्ठ भाकपा नेता एवं जिला परिषद सदस्य केदार यादव तथा ओम प्रकाश यादव ने संबोधित किया। इसके बाद जुलूस नया भोजपुर, सब्जी मंडी, टेक्सटाइल कॉलोनी, कड़वी ब्लॉक सहित विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सफाईकर्मियों की लड़ाई राज्य सरकार से है। यदि सरकार की हठधर्मिता के कारण हड़ताल लंबी चली तो पूरे शहर में कचरे का अंबार लग सकता है, जिससे त्योहारों पर नगरवासियों को परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सरकार से है, जनता से नहीं। यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तब भी त्योहार के दौरान नगर के मंदिरों एवं पूजा मार्गों की सफाई सफाईकर्मी स्वयं करेंगे। यह कार्य सरकार की सेवा के रूप में नहीं, बल्कि नगरवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सम्मान के तहत किया जाएगा।




नगर परिषद कार्यालय में करीब दो घंटे तक चली वार्ता में कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे, नगर स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर, सशक्त स्थायी समिति सदस्य छोटू विजय, आनंद कुमार तथा कुछ पार्षद मौजूद रहे। संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ओर से शिव शंकर तिवारी, भगवान पासवान, सर्वेश कुमार पाण्डेय, ओम प्रकाश यादव एवं कृष्णा प्रसाद ने स्थानीय मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

वार्ता के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने स्थानीय स्तर पर पहले से लागू सुविधाओं को प्रभावी ढंग से मजदूरों तक पहुंचाने तथा अन्य स्थानीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने हड़ताल स्थगित करने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि तीन प्रमुख राज्यस्तरीय मांगों पर सरकार के साथ वार्ता एवं सकारात्मक निर्णय होने के बाद ही राज्य नेतृत्व के निर्देशानुसार हड़ताल स्थगित करने पर फैसला लिया जाएगा।

इस दौरान भाकपा (माले) नगर कमिटी सचिव कृष्णा राम, शैलेन्द्र पासवान, बाबूलाल राम, दीपक बास्फोर, संजय कुमार सिंह, मुन्नी देवी, शीला देवी सहित सैकड़ों सफाईकर्मी मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu