Ad Code

रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, मुरार उपडाकघर नए भवन में हुआ स्थानांतरित


बक्सर । भारतीय डाक विभाग, बक्सर मंडल ने आम नागरिकों को आधुनिक एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ तथा मुरार उपडाकघर का नवीन भवन में स्थानांतरण किया। दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन डाक अधीक्षक, बक्सर मंडल कुमारी सरिता ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग "डाक सेवा, जन सेवा" के संकल्प के साथ नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी प्रमुख आधार सेवाएं अपने निकटतम डाकघर में ही मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि मुरार उपडाकघर के नए भवन में स्थानांतरण से ग्राहकों को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी। यहां डाक एवं पार्सल सेवाओं के अलावा डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक (रजिस्ट्री), आधार सेवाएं तथा अन्य वित्तीय एवं जनोपयोगी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध रहेंगी।

डाक अधीक्षक ने बताया कि बक्सर मंडल के अन्य डाकघरों में भी चरणबद्ध तरीके से आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपने नजदीकी डाकघर में ही आधार संबंधी सुविधाएं मिल सकें।





उन्होंने रक्षा बंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा 12 अगस्त 2026 से राखी मेल पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दिए जाने की जानकारी देते हुए नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने प्रियजनों तक सुरक्षित एवं किफायती तरीके से राखी भेजने की अपील की।

कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अब केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार, डिजिटल भुगतान और अन्य जनोपयोगी सेवाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बना रहा है। उन्होंने नागरिकों से डाक विभाग की बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu