पटना/बक्सर । पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में बिहार राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप में बक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) का खिताब अपने नाम किया। गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में सारण ने बक्सर को 49-45 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं पटना और भोजपुर की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फाइनल तक के सफर में बक्सर की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में बक्सर ने भोजपुर को एकतरफा मुकाबले में 61-23 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां अंतिम क्षणों तक मुकाबला रोमांचक बना रहा।
बक्सर के स्टार रेडर दीपक कुमार यादव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार रेड का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। दयानंद पांडेय और अभिजीत सिन्हा ने भी अपने आक्रामक खेल से टीम को मजबूती दी। डिफेंस में दोनों कॉर्नर रवि रंजन और संदीप यादव ने विपक्षी रेडरों को लगातार परेशान किया, जबकि कवर पोजीशन पर राहुल सिंह और मनजीत ने बेहतरीन तालमेल के साथ कई महत्वपूर्ण अंक दिलाए। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी अवसर मिलने पर शानदार प्रदर्शन कर बक्सर की उम्मीदों को मजबूती प्रदान की।
पुरस्कार वितरण समारोह से पूर्व बक्सर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन शशि कुमार राय को भारतीय कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष रमाकांत सिंह सोलंकी ने अंगवस्त्र, मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया। वहीं बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने पूर्व राज्य कोषाध्यक्ष जयशंकर चौधरी को सम्मानित किया।
बक्सर टीम के उपविजेता बनने पर जिला कबड्डी संघ की अध्यक्ष शालिनी कुमारी देवी एवं सचिव रविशंकर चौधरी ने खिलाड़ियों, कोच रमेश यादव और रणजीत लाल को बधाई देते हुए शीघ्र ही पूरी टीम को सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ा है और भविष्य में यह टीम स्वर्ण पदक जीतने का दम रखती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments