बक्सर । भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा, बक्सर द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को बाजार समिति स्थित शाखा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय ने की।
बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, प्रतिभागी विद्यालयों की व्यवस्था, पंजीकरण, मंच एवं ध्वनि व्यवस्था, निर्णायक मंडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और संगीत के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय चेतना एवं देशप्रेम की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समर्पण और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता को भव्य, गरिमामय एवं सफल बनाने का संकल्प लिया। बताया गया कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन 8 अगस्त को प्रातः 10 बजे एम.वी. कॉलेज, बक्सर के मानस भवन में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित समूहगान प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में भारत विकास परिषद विश्वामित्र शाखा की अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय, सचिव संजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, पर्यावरण संयोजक विपिन कुमार, हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, अमित कुमार पाण्डेय, सरोज कुमार तिवारी, अखिलेश कुमार, ई. विकास कौशिक सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments