बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत सपही गांव निवासी, बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय तैराक कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने राजधानी पटना स्थित कार्यालय में बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच बक्सर जिले में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने बक्सर जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने 24 किलोमीटर में फैले गोकुल जलाशय में तैराकी प्रशिक्षण केंद्र एवं विभिन्न जल क्रीड़ा गतिविधियां शुरू कराने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण का बेहतर अवसर मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान से जुड़े मुद्दे भी मंत्री के समक्ष रखे।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कैप्टन बिजेंद्र सिंह के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि कैप्टन बिजेंद्र सिंह भारतीय सेना में सेवा के दौरान देश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिताओं में 400 से अधिक प्रतिष्ठित पदक जीत चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को निशुल्क तैराकी प्रशिक्षण देकर नई प्रतिभाओं को तैयार करने में जुटे हैं। इसके साथ ही वे बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में पूर्व सैनिकों के अधिकारों और उनके हितों की आवाज भी बुलंद कर रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments