Ad Code

60 दिनों के भीतर मिल रहा न्याय, जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में बढ़ा आम लोगों का भरोसा


बक्सर । जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। अब अधिकांश मामलों का निष्पादन निर्धारित 60 कार्य दिवस के भीतर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आम जनता को समयबद्ध न्याय और समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।





गुरुवार को जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में 36 विभिन्न मामलों की सुनवाई हुई। इनमें कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक अभिलेख और कार्रवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।

सुनवाई के दौरान सड़क संबंधी तीन मामलों का भी सफल निष्पादन किया गया। इन मामलों में ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शिकायतों का समाधान किया गया।

कार्यालय द्वारा जारी समेकित प्रतिवेदन के अनुसार 6 अक्टूबर 2025 से 6 अगस्त 2026 तक जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल 3,581 सामान्य परिवाद प्राप्त हुए। इनमें से 3,043 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 538 मामले 60 कार्य दिवस से कम अवधि के भीतर लंबित हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 60 कार्य दिवस से अधिक अवधि का एक भी मामला लंबित नहीं है।

आंकड़ों के अनुसार जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बक्सर कार्यालय में 993 परिवादों में 762 का निष्पादन किया गया है और 231 मामले लंबित हैं। अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, डुमरांव कार्यालय में 1,570 में से 1,381 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है तथा 189 मामले लंबित हैं। वहीं अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बक्सर कार्यालय में 1,018 में से 900 मामलों का निष्पादन हुआ है और 118 मामले लंबित हैं।




प्रथम अपील के मामलों में भी संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है। अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) सह प्रथम अपीलीय प्राधिकार कार्यालय में 382 प्रथम अपील आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 275 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। वर्तमान में 107 मामले 60 कार्य दिवस से कम अवधि के भीतर लंबित हैं, जबकि 60 कार्य दिवस से अधिक का कोई भी मामला लंबित नहीं है।

अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को बिना अनावश्यक विलंब के न्याय दिलाना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी सरकारी विभाग से संबंधित शिकायत हो तो वे लोक शिकायत निवारण प्रणाली का लाभ उठाकर समयबद्ध समाधान प्राप्त करें।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu