बक्सर । प्रख्यात शिक्षाविद्, फूटाब (FUTAB) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं शिक्षा जगत के सम्मानित व्यक्तित्व डॉ. कन्हैया बहादुर सिन्हा के निधन पर महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर में बुधवार को शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
शोकसभा को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. कृष्णा कान्त सिंह ने डॉ. सिन्हा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि वे कर्मनिष्ठ, अनुशासित, दूरदर्शी और शिक्षा के प्रति पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपनी सादगी, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान से एक विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि डॉ. सिन्हा का निधन शिक्षा जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस अवसर पर वीर कुँवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के वाणिज्य एवं एमबीए विभाग के वरिष्ठ प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह तथा प्रो. जितेन्द्र कुमार ने भी दिवंगत शिक्षाविद् को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने डॉ. सिन्हा के शैक्षणिक योगदान और संगठनात्मक नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
शोकसभा में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments