Ad Code

महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की छह वर्षीय उपलब्धियों पर संगोष्ठी आयोजित


बक्सर । महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के अर्थशास्त्र विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय के मानस भवन में "राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की छह वर्षीय उपलब्धियाँ" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा नीति की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने विस्तार से अपने विचार रखे।




संगोष्ठी की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. कृष्णा कांत सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा व्यवस्था को ज्ञान, कौशल, अनुसंधान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को नई दिशा प्रदान कर रही है।





कार्यक्रम में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के वाणिज्य एवं एमबीए विभाग के प्रो. संजय कुमार सिंह तथा विभागाध्यक्ष प्रो. जितेन्द्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों विद्वानों ने भारतीय ज्ञान परंपरा, मातृभाषा आधारित शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल शिक्षा और शैक्षणिक आधारभूत संरचना के विकास के संदर्भ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की उपलब्धियों एवं संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की संयोजक एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अमृता कुमारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी की विषय-वस्तु और उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। वहीं आयोजन सचिव एवं IQAC समन्वयक तथा राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

संगोष्ठी में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्षों की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने इसे उच्च शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के व्यापक प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकास कुमार राणा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसके बाद संगोष्ठी का समापन हुआ।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu