बक्सर । राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार से अज्ञात चोरों ने एक कृषि ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब किसान खेत की ओर टहलने पहुंचे। ट्रांसफॉर्मर गायब देखकर किसानों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
जानकारी के अनुसार, खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण किसानों ने फिलहाल मोटर चलाना बंद कर रखा था। मंगलवार शाम किसान खेतों का जायजा लेकर अपने-अपने घर लौट गए थे। इसी दौरान देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने राधेश्याम पांडेय के खेत के समीप लगे कृषि ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतार लिया। चोर ट्रांसफॉर्मर से तांबा और अन्य कीमती सामान निकालकर उसके बाकी हिस्सों को खेत में इधर-उधर फेंक गए।
किसानों ने बताया कि सरकार की ‘हर खेत तक बिजली’ योजना के तहत ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। इसकी मदद से किसानों को धान की रोपाई और सिंचाई में काफी सुविधा मिल रही थी। अब ट्रांसफॉर्मर चोरी होने से खेतों में पानी की जरूरत बढ़ने पर सिंचाई का संकट खड़ा होने की आशंका है।
घटना से आक्रोशित किसान शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल, जय प्रकाश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने विरोध जताया। किसानों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी इलाके में बिजली के खंभों से तार चोरी की घटनाएं हुई थीं, लेकिन अब तक उनका सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटना से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है। घटना के बाद धनसोई और राजपुर थाना पुलिस भी अलर्ट है तथा सीमावर्ती गांवों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments