बक्सर । धनसोई स्थित आईमास कंप्यूटर संस्थान परिसर में मंगलवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं ओजस्वी वक्ता नवीन दूबे ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद करुणानिधान दूबे ने स्वस्तिवाचन कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। संस्थान के निदेशक डब्लू पाठक ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जारा शेख, आफरीन, खुशी, रिंकी, प्रतिभा, प्रियंका, नेहा, संध्या, काजल, खुशबू, आंचल, सोनू कुमार, मनीष कुमार शर्मा सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है।
सम्मान समारोह के दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं नशा मुक्ति विषय पर प्रेरक गीत के माध्यम से "नशा मुक्त भारत" का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी युवाओं का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजपुर के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अभिषेक पाठक, शिक्षक नेता रामअवतार पांडेय, उर्दू प्राथमिक विद्यालय खिरी के प्रधान शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा, संस्थान के प्रबंधक धनंजय पांडेय, इटाढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष दीपक झा, औद्योगिक थाना के सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार शर्मा, धनसोई थाना की महिला सब इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी एवं पिंकी कुमारी, कांस्टेबल अनामिका, शिक्षक प्रकाश पांडेय तथा प्रधान शिक्षक प्रमोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में संस्थान के निदेशक डब्लू पाठक ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईमास कंप्यूटर संस्थान भविष्य में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments