Ad Code

52वीं बिहार राज्य जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में बक्सर का दमदार प्रदर्शन, लगातार दो जीत दर्ज


पटना । बिहार राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का मंगलवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया। नवंबर में पटना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप के लिए इसी प्रतियोगिता से संभावित बिहार टीम का चयन किया जाएगा।




उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष अपूर्व सुकांत ने की, जबकि अतिथियों का स्वागत संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि राज्य के आठ जोनों की क्वालीफाइंग प्रतियोगिताओं से चयनित विजेता एवं उपविजेता कुल 16 टीमें चार पूल में भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता में बक्सर की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए लगातार दो मुकाबले जीत लिए। पहले मैच में बक्सर ने मधेपुरा को 42-13 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में मोतिहारी को 33-9 के बड़े अंतर से पराजित कर नॉकआउट दौर की दावेदारी मजबूत कर ली। उद्घाटन मुकाबले में पटना ने सीतामढ़ी को 58-33 तथा बेगूसराय ने सीवान को 34-30 से हराया।





बक्सर टीम के कोच रमेश यादव और रणजीत लाल ने बताया कि लीग चरण का अंतिम मुकाबला बुधवार सुबह गया के खिलाफ खेला जाएगा। इसके बाद नॉकआउट चरण के मुकाबले आयोजित होंगे। बक्सर की लगातार दो जीत से जिले के कबड्डी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

बक्सर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन शशि कुमार राय ने कहा कि बक्सर की टीम हमेशा से पदक जीतने वाली टीम रही है और इसका श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत एवं अनुशासन को जाता है। वहीं संघ की अध्यक्ष शालिनी कुमारी देवी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

संघ के पूर्व सचिव एवं राष्ट्रीय रेफरी जयशंकर चौधरी ने कहा कि वर्षों की मेहनत और निरंतर प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि बक्सर की टीम लगातार राज्य स्तर पर अपना दबदबा बनाए हुए है। अब सभी की निगाहें गया के खिलाफ होने वाले अंतिम लीग मुकाबले और नॉकआउट चरण पर टिकी हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu