बक्सर । राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर पटना स्थित चैम्बर ऑफ कॉमर्स में दधीचि देहदान समिति बिहार की ओर से राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में दधीचि देहदान समिति बक्सर इकाई के पदाधिकारी अध्यक्ष मीना सिंह, पूर्व चेयरमैन नगर परिषद बक्सर, के नेतृत्व में शामिल हुए।
इस अवसर पर बक्सर इकाई के पदाधिकारियों ने बिहार समिति के अध्यक्ष एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद तथा समिति के महासचिव पद्मश्री विमल कुमार जैन को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिथियों ने नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से मृत्यु के बाद अपने अंगों और देह का दान करने के लिए आगे आने की अपील की, ताकि जरूरतमंद लोगों को जीवन की नई रोशनी मिल सके। इस दौरान बक्सर इकाई की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की भी सराहना की गई।
दधीचि देहदान समिति बक्सर इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि अंगदान और देहदान महादान है। इसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी कई लोगों के जीवन में उम्मीद की किरण जगा सकता है। समिति की ओर से जिले में लगातार लोगों को अंगदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सम्मेलन में बक्सर से मीना सिंह, राजकुमार सिंह, अनु देवी, विपिन कुमार, नीलम श्रीवास्तव, नागेंद्र प्रसाद, विवेक प्रजापति, संजय सिंह, बांके बिहारी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments