Ad Code

घर लौट रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने कुचला, पटना में इलाज के दौरान मौत


बक्सर । चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला के समीप आरओबी के पास रविवार की देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेकर घर लौट रहे युवक की बाइक में विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने पटना में इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।




मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के करीमुद्दीन थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी शशिकांत राय के पुत्र अभिनव राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अभिनव मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेने और सामग्री पहुंचाने का काम करता था।

रविवार को वह काम के सिलसिले में चौसा क्षेत्र में आया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अखौरीपुर गोला स्थित आरओबी के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।




घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

सीसीटीवी फुटेज से ट्रक की पहचान में जुटी पुलिस

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होते ही चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu