हरे परिधानों में सजे बच्चों ने लगाए भोलेनाथ के जयकारे, सावन गीतों पर थिरके नन्हे कदम; झूले का भी लिया आनंद
बक्सर । सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित किड्स इंडिया प्ले स्कूल में सोमवार को विशेष सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर भक्ति, उमंग और हरियाली के रंग में सराबोर नजर आया। हरे रंग के आकर्षक परिधानों में सजे नन्हे-मुन्नों ने सावन गीतों पर जमकर नृत्य किया और झूले का आनंद उठाया।
सावन महोत्सव को लेकर विद्यालय के सभी बच्चे-बच्चियां विशेष रूप से हरे रंग के कपड़े पहनकर स्कूल पहुंचे। नन्हे बच्चों की मासूमियत और उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर में सावन गीतों एवं भगवान शिव के भजनों की गूंज के बीच बच्चों ने जमकर मस्ती की।
बच्चों ने ‘बोल बम का नारा बा’, ‘चक धूम-चक धूम’, ‘जय जय शिव शंकर’, ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘सावन आया’ जैसे गीतों पर उत्साह के साथ नृत्य किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बनाने के साथ-साथ उत्सव के रंग में भी रंग दिया। बच्चों ने एक-दूसरे के साथ सावन महोत्सव का खूब आनंद लिया।
महोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में विशेष रूप से लगाए गए सावन झूले बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। बच्चों ने बारी-बारी से झूले का आनंद लिया। उनकी खिलखिलाहट और उत्साह से पूरा विद्यालय परिसर गूंजता रहा।
सावन हरियाली और प्रकृति के सौंदर्य का प्रतीक : आलोक कुमार
विद्यालय के निदेशक आलोक कुमार ने बच्चों को सावन महीने के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि सावन हरियाली और प्रकृति के सौंदर्य का प्रतीक है। इस महीने में खेत-खलिहानों से लेकर पेड़-पौधों तक चारों ओर हरियाली दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि सावन हमें प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति प्रेम का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय पर्व-त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं से बचपन से ही जोड़ना जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में उत्साह बढ़ने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति लगाव भी विकसित होता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की संस्थापक मंजू बाला, शिक्षिकाएं नंदनी कुमारी, राजनंदनी, सलोनी कुमारी, नीतू सिन्हा और जोया अहमद समेत विद्यालय के सभी बच्चे-बच्चियां मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और सावन महोत्सव हंसी-खुशी एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments