Ad Code

राममय जीवन हमारी सभी समस्याओं का निदान : पीताम्बर जी महाराज



केवट प्रसंग में भक्ति, प्रेम और समर्पण की महत्ता पर प्रकाश, राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान

बक्सर । जय भोलेनाथ ग्रुप एवं पंडा समाज के तत्वावधान में भगवान श्रीराम द्वारा पूजित रामेश्वरनाथ मंदिर, बक्सर में आयोजित नवदिवसीय मानस ज्ञान गंगा के सातवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास मानस मर्मज्ञ प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि “राममय जीवन हमारी सभी समस्याओं का निदान है।”





उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा विश्व कल्याणदायिनी एवं लोक मंगलकारी है। भगवान श्रीराम के आचरण और व्यवहार को अपने जीवन में अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को आनंदमय बना सकता है। गोस्वामी तुलसीदास ने श्रीरामचरितमानस के माध्यम से मानव जीवन में विभिन्न रिश्तों और उनके दायित्वों की महत्ता को स्थापित किया है। मानस में गुरु, माता-पिता, पुत्र-पुत्री, भाई, मित्र तथा पति-पत्नी के कर्तव्यों और सदाचरण की सीख मिलती है।

प्रबल प्रेम के वशीभूत प्रभु ने बदले अपने नियम

कथा के दौरान आचार्य पीताम्बर जी महाराज ने केवट प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि प्रबल प्रेम के वशीभूत होकर प्रभु श्रीराम को भी अपने नियम बदलते देखा गया। भगवान श्रीराम जब केवट के समीप पहुंचे तो उसकी भक्ति और प्रेम से अभिभूत हो गए।





उन्होंने कहा कि गंगा का किनारा भक्ति का घाट है और केवट भगवान श्रीराम का परम भक्त है। केवट अपनी भक्ति का प्रदर्शन नहीं करता, बल्कि अपनी सहज और अटपटी वाणी के माध्यम से प्रभु के प्रति अपने भावों को व्यक्त करता है। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने भक्ति में प्रेम, समर्पण और सहज भाव की महत्ता को समझाया।

आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं से कहा कि केवल श्रीराम कथा सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और आचरण को अपने जीवन में उतारने का निरंतर प्रयास करना चाहिए। हमारा चिंतन, व्यवहार और जीवन राममय हो, यही हमारा संकल्प होना चाहिए।

कथा के दौरान समाजसेवी प्रदीप राय एवं पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी का श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया गया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तिमय वातावरण में कथा का श्रवण किया।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu