Ad Code

डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में यात्री की मौत से बक्सर स्टेशन पर डेढ़ घंटे हंगामा, प्लेटफॉर्म बदलकर निकाली गई मगध एक्सप्रेस


बक्सर । डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस की सामान्य बोगी में गुरुवार सुबह एक यात्री की मौत के बाद बक्सर रेलवे स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रोक दिया गया, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजारा गया।





मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के बारसोई निवासी 45 वर्षीय मिथुन दास के रूप में हुई है। वह अपने मौसेरे भाई रंजीत दास के साथ मुंबई से घर लौट रहा था। परिजनों के अनुसार, यात्रा के दौरान मिथुन की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बुखार के कारण उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि यात्री की मौत की सूचना मिलने के बाद ट्रेन के गार्ड ने बक्सर स्टेशन पर ट्रेन रोक दी। गार्ड शव को लेकर ट्रेन आगे ले जाने के लिए तैयार नहीं था, जबकि मृतक के परिजन शव को बक्सर में उतारने के पक्ष में नहीं थे। परिजनों का कहना था कि शव बक्सर में उतारने पर पोस्टमार्टम समेत अन्य प्रक्रिया यहीं करानी पड़ेगी, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी होगी। इसी मुद्दे को लेकर स्टेशन पर यात्रियों और परिजनों के बीच हंगामे की स्थिति बन गई।





हंगामे की सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर सक्सेना और आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्टेशन के चिकित्सक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और काफी देर तक बातचीत के बाद सहमति बनी कि शव को ट्रेन के साथ ही आगे भेजा जाएगा। इसके बाद डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।

इधर, ट्रेन के बक्सर स्टेशन पर खड़े रहने के कारण अप लाइन प्रभावित रही। इसके चलते नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजारा गया। डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में सवार कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर मगध एक्सप्रेस में सवार होकर आगे रवाना हुए।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि मिथुन दास की मौत प्रयागराज के आसपास ही हो गई थी, लेकिन समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण ट्रेन को बक्सर में रोकना पड़ा। हालांकि, आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था और यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। मामले की जांच रेलवे स्तर पर की जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu