बक्सर । संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बक्सर जिले में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर से कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कलश यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों के महादलित टोलों में पहुंचेगी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने संत रविदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से मानवता, समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान सम्मान और अधिकार देने की भावना को मजबूत किया। उनका जीवन हमें भेदभाव से ऊपर उठकर मानव कल्याण और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी तक उनके विचारों और आदर्शों को पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा। शिविर के दौरान संबंधित पंचायत के विकास मित्र द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी सार्थक होगा, जब पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़कर उनका वास्तविक लाभ धरातल तक पहुंचाया जाए। इस कार्य में प्रशासन के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments