Ad Code

आभूषण व्यवसायी से लूट का खुलासा, छह गिरफ्तार; बक्सर-भोजपुर के बदमाश भी शामिल



बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को आभूषण व्यवसायी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सर्विलांस/स्वाट टीम और नरही थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के पास से 86,400 रुपये नकद, दो बाइक, आठ मोबाइल, चांदी की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो नाक कील, एक तमंचा, दो कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।






पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को भरौली-गाजीपुर मार्ग पर दुकान बंद कर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे सोनार का आभूषण और नकदी से भरा बैग दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया था। मामले में 16 अगस्त को नरही थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डंप डाटा और वीटीएस डाटा का विश्लेषण कर वारदात में शामिल नौ आरोपियों की पहचान की। 20 अगस्त की रात करीब 9:05 बजे बघौना मोड़ के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास प्रधान, कृष्णा कुमार उर्फ धन्नू यादव, अमन महतो उर्फ रामलखन, राजू चौरसिया, मदन कुमार वर्मा और विशाल चौधरी के रूप में हुई है। इनमें विकास प्रधान और मदन कुमार वर्मा बक्सर जिले, जबकि कृष्णा कुमार और अमन महतो भोजपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।





पुलिस के मुताबिक, चार बदमाशों ने सोनार से बैग छीना था, जबकि अन्य ने रेकी और मुखबिरी की थी। आरोपियों ने 13 अगस्त को दुकान और रास्ते की रेकी की थी। मामले में तीन अन्य आरोपी लड्डू सेठ उर्फ चंद्र प्रकाश वर्मा, प्रेम यादव और दीपू यादव उर्फ रोहित कुमार वांछित हैं।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 61(2)क और 317(2) की बढ़ोतरी की है। कुछ गिरफ्तार आरोपियों के बिहार में चोरी, हत्या, शस्त्र अधिनियम और लूट से जुड़े आपराधिक मामलों में संलिप्त होने की जानकारी भी सामने आई है। एसपी ओमवीर सिंह ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu