बक्सर । पवित्र सावन मास की सोमवारी और प्रदोष के शुभ संयोग पर सोमवार को तुलसी आश्रम, रघुनाथपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के प्रांत संयोजक रामविलास शांडिल्य, तुलसी विचार मंच के अध्यक्ष संतोष सिंह, संयोजक शैलेश ओझा एवं महाकालेश्वर मंदिर न्यास प्रबंधन समिति के पुजारी राजू मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
रामलीला के प्रथम दिन ‘नारद मोह’ एवं ‘विश्व मोहिनी स्वयंवर’ प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से रामकथा से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम के पृथ्वी पर अवतरण की पृष्ठभूमि से जुड़े प्रसंगों को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।
आज होगा श्रीराम जन्म और शिव विवाह का मंचन
रामलीला के दूसरे दिन मंगलवार को भगवान श्रीराम के चारों भाइयों के साथ जन्म का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं सावन की पावन शिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। शिव विवाह के दौरान भगवान शिव की बारात और विवाह का दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करेगा।
रामलीला का मंचन जय बाबा परमेश्वर नाथ रामलीला मंडली, तपोभूमि बक्सर द्वारा किया जा रहा है। मंडली के प्रमुख कलाकारों में अशोक पांडेय व्यास, रामायण पांडेय, बिट्टू कुमार (श्रीराम), शंभू जी (माता सीता) के अलावा मोहित, गुड्डू मिश्रा तथा ढोलक पर विश्वनाथ दुबे शामिल हैं।
तुलसी आश्रम की पावन धरती पर रामलीला को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन के माध्यम से रामकथा के प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक लोकनाट्य कला के संरक्षण एवं प्रोत्साहन का प्रयास किया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments