बक्सर । जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालडेरा के समीप सोमवार दोपहर सीमेंट से लदा एक बल्कर ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर बक्सर से आरा की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेलर संभवतः सड़क किनारे खड़ा किया गया था। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी काफी कमजोर हो गई थी। आशंका है कि मिट्टी धंसने से ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। घटनास्थल पर सड़क किनारे की धंसी हुई जमीन इस संभावना को और मजबूत करती है।
घटना की सूचना मिलने पर नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जब तक टीम वहां पहुंची, उससे पहले ही चालक और खलासी ट्रेलर को लॉक कर मौके से जा चुके थे। पुलिस का मानना है कि चालक संभवतः खाना बनाने या आराम करने के लिए वाहन रोककर नीचे उतरा होगा, तभी यह हादसा हुआ।
हादसे में ट्रेलर को कोई विशेष क्षति नहीं पहुंची है। केवल वाहन पलटा है। चालक की ओर के शीशे बंद और वाहन लॉक होने से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चालक और खलासी सुरक्षित बाहर निकल गए थे।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि वाहन मालिक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments