बक्सर । जिले के अर्जुनपुर स्थित हेरिटेज स्कूल के मेधावी छात्र आदित्य रंजन ने NEET-2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 141 प्राप्त कर विद्यालय, बक्सर जिला और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।
आदित्य रंजन ने इससे पहले सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा-2026 में 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर बक्सर जिले के द्वितीय टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया था। वहीं, भौतिकी (फिजिक्स) विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक प्राप्त कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में जिले का प्रथम और द्वितीय, दोनों टॉपर हेरिटेज स्कूल के ही छात्र रहे।
विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने बताया कि आदित्य शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहा है। बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद अब NEET-2026 में ऑल इंडिया रैंक 141 हासिल कर उसने विद्यालय की उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आदित्य की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासित अध्ययन और निरंतर परिश्रम से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने आदित्य रंजन के माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार, मार्गदर्शन और सहयोग ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह एक सफल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments