बक्सर /गुड़गांव । प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी मंगल पाण्डेय की जयंती पर रविवार को लक्ष्मण विहार क्षेत्र में डॉ. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने मंगल पाण्डेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके देशभक्ति और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष राजेश पटेल ने कहा कि मंगल पाण्डेय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे अमर सेनानी थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सबसे पहले विद्रोह का बिगुल फूंका। उन्होंने बताया कि मंगल पाण्डेय का जन्म 19 जुलाई 1827 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुआ था। ब्रिटिश सेना में रहते हुए भी उनके मन में देशप्रेम की भावना प्रबल थी। वर्ष 1857 में उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध क्रांति का शंखनाद किया, जिसने आगे चलकर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का रूप लिया।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने मंगल पाण्डेय और उनके साथियों पर अनेक अत्याचार किए, लेकिन वे अपने संकल्प से पीछे नहीं हटे। अंततः ब्रिटिश सरकार ने 8 अप्रैल 1857 को उन्हें फांसी दे दी। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के लिए प्रेरणास्रोत बना और देशभर में आजादी की अलख जगाने का कार्य किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि मंगल पाण्डेय का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्र निर्माण का सपना साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर संस्था गौरव, मुन्ना अंसारी, आशिया, राहुल राज, राहुल दहिया, दीपक सांगवान, विकास (विक्की) सहित संस्था के सदस्य एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments