बक्सर । उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र स्थित सरयू नदी पर बने पुराने पुल पर शनिवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बक्सर के दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक दोनों युवकों को रौंदते हुए वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बक्सर नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मिश्रा (पिता-संजय मिश्रा) तथा 27 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और बीते 15 जून को हीरो स्प्लेंडर बाइक से नेपाल भ्रमण के लिए निकले थे। नेपाल से लौटने के दौरान वे गोरखपुर होते हुए अपने घर बक्सर वापस आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 11:30 बजे दोनों युवक पुराने सरयू पुल से दोहरीघाट कस्बे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और ट्रेलर चालक उन्हें रौंदते हुए मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाकर आवागमन बहाल कराया।
थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवक बिहार के बक्सर जिले के निवासी थे और नेपाल से घूमकर अपने घर लौट रहे थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ट्रेलर को पकड़ लिया जाएगा और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मुकेश और अभिषेक की असामयिक मौत से बक्सर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। मुकेश कुमार मिश्रा अपने मिलनसार स्वभाव, हंसमुख व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते थे। धर्म और अध्यात्म में विशेष रुचि रखने वाले मुकेश के अचानक निधन से उनके मित्रों और शुभचिंतकों को गहरा सदमा पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर के लोग सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा कर दोनों दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments