बक्सर । जिले की पूर्व अंचलाधिकारी (सीओ) निधि ज्योत्सना ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए एसडीएम रैंक प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों और आम लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र के लोगों ने इसे बक्सर के लिए गौरव का क्षण बताया है।
निधि ज्योत्सना का पैतृक गांव बक्सर जिले का लक्ष्मीपुर (कृतपुरा) है। उनके दादा स्वर्गीय लालधारी राम तथा पिता जयराम दास हैं। वर्तमान में उनका परिवार आरा में निवास करता है। क्षेत्र की बेटी की इस सफलता से गांव और आसपास के इलाकों में उत्साह का माहौल है।
निधि ज्योत्सना पूर्व में बक्सर में अंचलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वह रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला में अंचलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान, कार्यकुशलता और बेहतर प्रशासनिक दृष्टिकोण के कारण लोगों के बीच एक अलग पहचान बनाई।
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसडीएम रैंक हासिल की। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो नौकरी के साथ-साथ उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचने का सपना देखते हैं।
सफलता की खबर मिलते ही बक्सर, आरा, लक्ष्मीपुर (कृतपुरा) सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि निधि ज्योत्सना ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे जिले की बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments