Ad Code

बक्सर की बेटी मधु कुमारी ने 70वीं बीपीएससी में मारी बाजी, प्रथम प्रयास में बनीं राजस्व अधिकारी,भाजपा नेता प्रदीप राय ने दी बधाई



बक्सर । जिले की होनहार बेटी मधु कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) का पद प्राप्त किया है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने प्रथम प्रयास में ही यह सफलता अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

मधु कुमारी बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता मिथिलेश मिश्रा पेशे से पत्रकार हैं, जबकि माता मीरा देवी गृहिणी हैं। संयुक्त परिवार में पली-बढ़ी मधु की सफलता पर पूरे परिवार में उत्सव का माहौल है। परिवार में बड़े पापा कमलेश्वर मिश्र, बड़ी मां रूबी देवी, मझली मां अंशु मिश्रा तथा बड़े भाई अमित मिश्रा ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।




मधु के बड़े भाई अमित मिश्रा, जो वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप राय के निजी सहायक हैं, उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी बहन की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मधु ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और आज उसका सुखद परिणाम पूरे परिवार को मिला है।

मधु की प्रारंभिक शिक्षा माउंट कार्मेल स्कूल, हजारीबाग से हुई। वर्ष 2017 में उन्होंने वहीं से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2019 में संत जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 2022 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

सिविल सेवा की तैयारी के लिए उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि बक्सर स्थित अपने आवास पर रहकर स्वाध्याय (सेल्फ स्टडी) के माध्यम से तैयारी की। प्रतिदिन सात से आठ घंटे अध्ययन कर उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल किया। मधु अपनी सफलता का श्रेय पूरे परिवार को देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया।





इस उपलब्धि पर वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप राय ने मधु कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मधु ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

मधु कुमारी ने कहा कि उनका उद्देश्य ईमानदारीपूर्वक लोक सेवा करना और अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत करते रहिए, सफलता अवश्य मिलेगी। दृढ़ता और स्थिरता ही सफलता का मूल मंत्र है। मधु का अगला लक्ष्य अच्छे रैंक से UPSC क्लियर करना है।

मधु की सफलता से बक्सर जिले में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu