Ad Code

रघुनाथपुर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें दोहराईं, रेलयात्री परिषद ने आंदोलन की चेतावनी दी


बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत अखिल भारतीय रेलयात्री कल्याण परिषद की रघुनाथपुर शाखा की बैठक रविवार को रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित दुर्गा मंदिर में डॉ. चंद्रशेखर पाठक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा परिषद द्वारा पूर्व में उठाई गई मांगों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद दानापुर मंडल रेल प्रबंधक के नाम संबोधित ज्ञापन स्टेशन उपप्रबंधक को सौंपा गया।




बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के विस्तार को लेकर 26 जुलाई को परिषद के सभी सदस्यों की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि 18 मार्च 2026 को दानापुर मंडल रेल प्रबंधक को सौंपे गए मांगपत्र में रघुनाथपुर स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस एवं काशी विश्वनाथ जनशताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई थी। इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने, आरक्षण काउंटर दोनों पालियों में संचालित करने, स्टेशन के नामपट्ट पर "बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ धाम के लिए यहां उतरिए" अंकित कराने तथा प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 4 तक पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग शामिल थी।






परिषद ने कहा कि सावन माह में बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में स्टेशन पर पर्याप्त पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में इन सभी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग दोहराई गई। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अगले माह आंदोलन तेज किया जाएगा।

बैठक में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेंद्र मोहन सिंह, मनीष भारद्वाज, तारकेश्वर पाठक, संदीप कुमार राय, जलील मोहम्मद उर्फ नेताजी, सीताराम ठाकुर, दीपक कुमार, संपूर्णानंद प्रसाद, मोहम्मद इमरान अंसारी, शकील अहमद, मोहम्मद नेमुद्दीन अहमद, संजय कुमार ओझा, गणेश प्रसाद, निर्मल केशरी, दीपनारायण राम, सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu