बक्सर । जिले के न्यायिक क्षेत्र के लिए शनिवार की रात एक दुखद समाचार लेकर आई। बक्सर के वरिष्ठ विधि विशेषज्ञ, आपराधिक कानून के प्रतिष्ठित एवं विद्वान अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा उर्फ 'झब्बू बाबू' का शनिवार रात करीब आठ बजे नोएडा में निधन हो गया। वे पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे और नोएडा में रहकर दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार करा रहे थे। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
विजय कुमार वर्मा को बक्सर में लोग उनके वास्तविक नाम से अधिक 'झब्बू बाबू' के नाम से जानते थे। उन्होंने अपने लंबे कानूनी जीवन में आपराधिक मामलों के विशेषज्ञ अधिवक्ता के रूप में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनकी विधिक दक्षता, निष्पक्षता और सरल व्यक्तित्व के कारण उन्हें न्यायिक क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त था।
जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने उनके निधन को न्यायिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि विजय कुमार वर्मा का जन्म वर्ष 1935 में हुआ था और उन्होंने वर्ष 1963 में वकालत के क्षेत्र में कदम रखा था। छह दशकों से अधिक समय तक उन्होंने न्याय व्यवस्था को अपनी सेवाएं दीं तथा हजारों लोगों को कानूनी सहायता प्रदान की।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता के सम्मान में सोमवार, 15 जून को न्यायालय में 'नो वर्क' रखा जाएगा। उनके निधन से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर व्याप्त है।
स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
शोक व्यक्त करने वालों में राजेश रंजन सहाय, किरण कुमार, विकास कुमार, शिवजी लाल, विनोद मिश्रा, राघवेंद्र मिश्रा तथा चिकित्सक डॉ. एस.एन. सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हैं। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा का निधन बक्सर के न्यायिक इतिहास में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और निष्पक्ष विधिक सेवा से न केवल न्यायिक व्यवस्था को समृद्ध किया, बल्कि अधिवक्ताओं की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन भी किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments