Ad Code

व्हाट्सएप चैट के आधार पर डीईओ पर भ्रष्टाचार के आरोप ! 70 लाख राशि के गलत भुगतान मामले में निगरानी विभाग से जांच की मांग


- शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बक्सर आगमन पर प्रतिक्रिया का इंतजार

- व्हाट्सएप चैट के आधार पर शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितता का आरोप, शिकायत निगरानी विभाग पहुंची

बक्सर । जिले के शिक्षा विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एक शिकायत निगरानी विभाग को भेजी गई है। बक्सर निवासी अरविंद कुमार सिंह ने अपर पुलिस महानिदेशक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना को आवेदन देकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) बक्सर संदीप रंजन के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता अरविंद कुमार सिंह ने दावा किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त कथित व्हाट्सएप चैट के आधार पर शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और सुविधा शुल्क लेने का मामला सामने आया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एक हाउसकीपिंग एजेंसी (आरएस इंटरप्राइजेज) के भुगतान के एवज में कथित रूप से राशि का लेन-देन किया गया।शिकायतकर्ता ने संबंधित व्हाट्सएप चैट और बैंक लेन-देन की जांच कराने की मांग की है।



आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों की मिलीभगत से संबंधित एजेंसी को लगभग 70 लाख रुपये का गलत भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों की स्वतंत्र जांच कराए जाने तथा संबंधित अधिकारियों की संपत्ति की भी जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा है कि उन्होंने पूर्व में भी मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत भेजी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विशेष निगरानी इकाई, निगरानी विभाग तथा आर्थिक अपराध इकाई से मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।







इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव (शिक्षा विभाग), निदेशक प्राथमिक शिक्षा, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक पटना प्रमंडल, जिला पदाधिकारी बक्सर, अपर मुख्य सचिव निगरानी विभाग तथा आर्थिक अपराध इकाई को भी भेजी गई है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन अथवा अन्य नामित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

वही ,डीईओ संदीप रंजन के सरकारी नम्बर 8544411179 पर टेलीफोनिक कॉल कर के आरोपों के सम्बंध में उनका पक्ष जानने की कोशिश भी की गई लेकिन, कॉल रिसीव नही होने के कारण उनका पक्ष ज्ञात नहीं हो सका। बता दें कि शिक्षा विभाग पर लगे गम्भीर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है ऐसे में मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मालूम हो कि ,आगामी 18 जून को बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का कार्यक्रम बक्सर जिले में प्रस्तावित है ऐसे में जिला शिक्षा विभाग पर लगे भ्रष्टाचार के गम्भीर आरोपों पर शिक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu