Ad Code

शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे मिथिलेश तिवारी का दिखा शक्ति प्रदर्शन,ब्रह्मपुर से जिला मुख्यालय तक बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा,भव्य स्वागत के बीच पोस्टरों से विधायक आनंद मिश्रा गायब तो तेज हुई सियासी चर्चा



बक्सर । बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे बैकुंठपुर विधायक एवं पूर्व बक्सर लोकसभा एनडीए प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी का जिले में भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न मंचों में कई दिनों से उत्साह का माहौल देखा जा रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत की व्यापक तैयारियां की थीं।



गुरुवार को पटना से सड़क मार्ग द्वारा बक्सर के लिए रवाना हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का सबसे पहले ब्रह्मपुर में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन भी उनके साथ मौजूद रहे। ब्रह्मपुर पहुंचकर उन्होंने प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की खुशहाली की कामना की।

इसके बाद उनका काफिला जिला मुख्यालय की ओर बढ़ा। रास्ते में कृष्णाब्रह्म, नया भोजपुर, प्रतापसागर, अहिरौली, गोलंबर, ज्योति चौक और अंबेडकर चौक सहित कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका भव्य अभिनंदन किया। जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जबकि कई स्थानों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर समर्थकों ने अपने नेता के प्रति उत्साह का प्रदर्शन किया।






मंत्री के स्वागत में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ब्रह्मर्षि समाज की ओर से पांच क्विंटल लड्डू से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं वामन चेतना मंच समेत कई अन्य संगठनों ने भी उनका अभिनंदन किया। पूरे जिले में स्वागत द्वार, पोस्टर और बैनरों की भरमार देखने को मिली, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।

हालांकि इस भव्य स्वागत के बीच पोस्टर राजनीति भी चर्चा का विषय बनी रही। जिले में लगे अधिकांश पोस्टरों और बैनरों में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की तस्वीर प्रमुखता से दिखाई दी, लेकिन बक्सर सदर से भाजपा विधायक आनंद मिश्रा की तस्वीरों का अभाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का कारण बन गया। इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि भाजपा नेताओं ने इसे संगठनात्मक कार्यक्रम बताते हुए किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया है। बावजूद इसके, मंत्री के स्वागत के साथ-साथ पोस्टर से आनंद मिश्रा की अनुपस्थिति जिले की राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu