Ad Code

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच हो, पीड़ित परिवार को मिले न्याय : दिनेश सिंह यादव


बक्सर । जनशक्ति जनता दल के बक्सर जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौटी गांव निवासी 31 वर्षीय युवक भरत तिवारी के पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की है।

जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने जारी बयान में कहा कि भरत तिवारी प्रकरण से जुड़े विभिन्न तथ्यों और वायरल वीडियो को देखने के बाद यह प्रतीत होता है कि वह लंबे समय से शाहपुर के जवईनिया गांव के कटाव पीड़ितों के पुनर्वास की मांग को लेकर आवाज उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की समस्याओं का समाधान संवाद, संवेदनशीलता और प्रशासनिक पहल के माध्यम से होना चाहिए।




उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए हिंसा या कानून को अपने हाथ में लेना उचित नहीं है। साथ ही प्रशासन और सरकार की यह भी जिम्मेदारी है कि जनता की जायज मांगों को समय रहते सुना और समझा जाए, ताकि किसी व्यक्ति को निराशा या गलत रास्ता अपनाने की स्थिति का सामना न करना पड़े।

दिनेश सिंह यादव ने कहा कि बिहार सरकार और पुलिस विभाग राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। ऐसे में इस मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कर सच्चाई को सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने कटाव पीड़ित परिवारों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की।





उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक समाज में प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है। इसलिए किसी भी विवादित घटना में निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासनिक कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। साथ ही समाज के सभी वर्गों को शांति, सौहार्द और कानून के प्रति सम्मान बनाए रखना चाहिए।

जनशक्ति जनता दल के जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार का समग्र विकास तभी संभव है जब सरकार, प्रशासन और जनता मिलकर समस्याओं का समाधान खोजें। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी जनहित, सामाजिक न्याय, सामाजिक अधिकार, संपूर्ण बदलाव, शांति और विकास की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu