बक्सर । रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर की टास्क टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री सामान चोरी करने वाले दो अपराधियों को बक्सर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के तीन स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन सिंह ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन गाड़ी संख्या 15483 महानंदा एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे।
बरामद सभी मोबाइल फोन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके बाद गिरफ्तार दोनों आरोपियों तथा बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, काली माई मंदिर के पास निवासी 24 वर्षीय रघु कुमार चौहान तथा औद्योगिक थाना क्षेत्र के हरी किशुनपुर वार्ड संख्या 5 निवासी 42 वर्षीय भृगु मुनि यादव के रूप में हुई है।
इस अभियान में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी राहुल यादव, आरक्षी सोनालाल यादव तथा आरक्षी करण सिंह शामिल रहे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर बक्सर आरपीएफ लगातार अभियान चला रही है। भविष्य में भी रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्रवाई जारी रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments