बक्सर । इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती गांव में गुरुवार को ठोरा नदी में नहाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सरसती गांव के चार किशोर बिना परिजनों को बताए गांव के समीप स्थित ठोरा नदी में स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त नदी में नहाने के दौरान वीडियो बना रहे थे। इसी बीच तीन किशोर हाथ पकड़कर नदी के अंदर चले गए और अचानक गहरे पानी में फंस गए। उनके साथ मौजूद कल्याण शर्मा ने बताया कि तीनों को डूबता देख उसने बचाने की कोशिश की, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह असहाय हो गया। काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाने के बाद वह दौड़कर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे तक चले खोज अभियान के बाद तीनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सरसती डेरा निवासी 13 वर्षीय शमर कुमार शर्मा, पिता रत्नेश कुमार शर्मा, 15 वर्षीय कृष्णा कुमार राम तथा 14 वर्षीय धर्मवीर कुमार, पिता धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। शमर छठी कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता बाइक मैकेनिक हैं। कृष्णा नौवीं कक्षा में पढ़ता था और पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद राम पूर्व में इटाढ़ी अंचल कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत थे। वहीं धर्मवीर के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना पर इटाढ़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments