Ad Code

रात में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर का टूटा हाथ, रेफर


बक्सर । शहर के बुधनपुरवा मोहल्ले में मंगलवार की रात वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची टाउन थाना पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी गई है।




जानकारी के अनुसार, टाउन थाना पुलिस पुराने वारंटी सोनू यादव और मोनू यादव को गिरफ्तार करने के लिए बुधनपुरवा मोहल्ले में पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया। हमले में टाउन थाना के सब इंस्पेक्टर अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पुलिसकर्मी धीरज कुमार को भी चोटें आईं।

हमले के बाद पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि धीरज कुमार का इलाज सदर अस्पताल में ही किया गया।





घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हमले में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

टाउन थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि वारंटी सोनू यादव और मोनू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बुधनपुरवा गई थी। इसी दौरान टीम पर हमला किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है तथा हमले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu