बक्सर । दिल्ली में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी एवं विपक्षी सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ और जिला कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में भगत सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुशवाहा एवं किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय पांडे ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। हाथों में मोमबत्तियां लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर जवाबदेही से बच रही है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज का सम्मान होना चाहिए और प्रतिपक्ष के नेताओं एवं सांसदों के साथ कथित तौर पर किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि अपने लगभग 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई सरकारें और राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि अहंकार और दमन की राजनीति कभी स्थायी नहीं रही तथा जनता ही लोकतंत्र में अंतिम निर्णय लेने वाली शक्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास चिंताजनक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए तथा संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भोला ओझा, संजय कुमार दुबे, महिमा उपाध्याय, रविंद्र राय, राकेश कुमार राय, ललन प्रसाद, यतींद्र गुप्ता, बिजेंद्र गिरी, जय राम राम, वीरेंद्र राम, विनोद सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments