बक्सर । रोटरी क्लब बक्सर का 45वां अधिष्ठापन समारोह मंगलवार को ब्लॉक रोड स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग के आधिकारिक भ्रमण के अवसर पर आयोजित हुआ। इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन निर्मल कुमार सिंह ने रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, रोट्रेक्ट क्लब बक्सर के अध्यक्ष के रूप में सागर वर्मा तथा इंटरैक्ट क्लब बक्सर की अध्यक्ष के रूप में हर्षिता ने पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला गवर्नर अनु नारंग, पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन संदीप नारंग, सहायक मंडलाध्यक्ष टी.एन. चौबे, नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर क्लब की वार्षिक स्मारिका "सार्थक" का भी विमोचन किया गया। समारोह में रोटरी क्लब बक्सर के अलावा आरा, बिहारशरीफ और बलिया के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। रोट्रेक्ट क्लब के डीआरआर रोट्रैक्टर सदाशिव खत्री एवं डीआरएस चंदा साहनी की उपस्थिति भी रही।
मुख्य अतिथि जिला गवर्नर अनु नारंग ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब बक्सर ने समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि क्लब केवल रोटरी इंटरनेशनल के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी कई स्थायी और प्रभावी परियोजनाओं का संचालन कर रहा है। उन्होंने रोटरी सहेली सेंटर, डुमरांव स्थित रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल, प्रताप सागर स्थित मेथोडिस्ट अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर तथा बक्सर के ब्लड बैंक को क्लब की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए इसकी सराहना की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि उनका प्रयास समाज को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने वाले सेवा कार्यों को और गति देना होगा। उन्होंने बताया कि क्लब शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करेगा। स्वास्थ्य जांच शिविर, सरकारी विद्यालयों का विकास, जरूरतमंद बच्चों को किताबें, स्कूल बैग और साइकिल उपलब्ध कराना, युवाओं को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
समारोह के दौरान जिला गवर्नर अनु नारंग ने रोटरी क्लब बक्सर में नौ नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर सदस्यता दिलाई। इनमें डॉ. प्रशांत चतुर्वेदी, डॉ. अंजली पांडे, संत मैरी स्कूल नई बाजार के प्राचार्य डोमिनिक अमलान, इंजीनियर राहुल राघवन, नेहा सिंह, श्यामला पाठक, राजन खेतान, सुमित कुमार एवं शमशाद अली शामिल हैं। नए सदस्यों के जुड़ने के बाद क्लब की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 86 हो गई।
समारोह में पूर्व मंडलाध्यक्ष संदीप नारंग, सहायक मंडलाध्यक्ष टी.एन. चौबे, रोटेरियन डॉ. दिलशाद आलम, सचिव मनोज वर्मा, कोषाध्यक्ष सागर वर्मा, मीना सिंह, डॉ. आर.के. सिंह, ज्योति जोशी, संजय सर्राफ, कृष्णानंद सिंह, राजेश केसरी, गोपाल केसरी, सत्येंद्र सिंह, प्रदीप कुमार जायसवाल, आशुतोष अस्थाना, विनय कुमार सिंह, सौरभ तिवारी, एस.एम. साहिल, नरेश पोद्दार, शिवाधर तिवारी, सुनील कुमार, आशीष गुप्ता, अनिल मानसिंहका, अरुण वर्मा, सुनीता सिंह सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।
इसके अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों में डॉ. महेंद्र प्रसाद, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद, सचिव दौलत चंद्रगुप्त, नंदलाल जायसवाल, लायंस क्लब के सुरेश संगम, वरिष्ठ पत्रकार शशांक शेखर उपाध्याय तथा डुमरांव के मोहन गुप्ता सहित अनेक लोग समारोह में शामिल हुए। अंत में रोटेरियन मीना सिंह ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ संपन्न हुआ तथा नए सत्र में समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments