Ad Code

हत्या मामले का फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, तीन साल बाद बक्सर पुलिस को मिली सफलता


बक्सर । हत्या के एक चर्चित मामले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को बक्सर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, तिलक राय के हाता थाना कांड संख्या-187/2023 में नामजद अभियुक्त ओमप्रकाश यादव की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। यह मामला आपसी विवाद में हुई मारपीट से जुड़ा है। घटना में गंभीर रूप से घायल रामबच्चन यादव की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गई थीं।




पुलिस ने बताया कि इस कांड में संलिप्त तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि ओमप्रकाश यादव लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर 15 जुलाई 2026 को दिल्ली में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।





गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के तवकल राय के डेरा निवासी ओमप्रकाश यादव, पिता रामअवतार यादव के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार, तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष पूजा कुमारी, डीआईयू के पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रविंद्र कुमार तथा डीआईयू बक्सर की टीम शामिल रही। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu