बक्सर । जिला दिव्यांग संघ के बैनर तले गुरुवार को वीर कुंवर सिंह चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले को देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बनती है, इसलिए उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह न्यायोचित है और जिला दिव्यांग संघ उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के सपनों के साथ खिलवाड़ न हो। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की रक्षा तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर प्रमोद केसरी, दिलीप राम, अभय पासवान, पप्पू जायसवाल, प्रिंस इदरीसी, विनोद जी, मुन्ना भैया, हरिशंकर सहित जिला दिव्यांग संघ के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments