बक्सर । छात्र-नौजवानों के हक, अधिकार और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में शुक्रवार को युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) डुमरांव के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने डुमरांव के राजगढ़ से पैदल मार्च निकालते हुए पुराना नगर भवन के समीप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राष्ट्रीय जनता दल के जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और युवाओं की अनदेखी के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्र-नौजवान अपने हक और अधिकार की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ते रहेंगे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।
युवा राजद नेताओं ने कहा कि संगठन छात्र-नौजवानों के हक, सम्मान और अधिकार की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ता रहेगा।
प्रदर्शन में युवा राजद के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र आजाद, डुमरांव नगर अध्यक्ष पवन खरवार, नगर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, अर्जुन कुशवाहा, छात्र नेता मनीष यादव, रंजन सैनी, दीपक यादव, नागेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, रवि कुमार, लालबाबू, ओमप्रकाश माली, कविंद्र जी, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान एवं युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments