Ad Code

पुलिस ने किया अपहरण के आरोपों का पर्दाफाश, कट्टा के बल पर शराब तस्करों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्य चढ़े कानून के हत्थे



बक्सर । कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा बाजार में संदिग्ध गतिविधि और हथियार चमकाने की सूचना पर ग्रामीणों की सतर्कता से दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों के उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार आने वाले तस्करों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।



मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम धरहरा बाजार स्थित एक चाय दुकान पर दो युवकों की गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं। एक युवक ने खुद की अपहरण की झूठी कहानी बनाई। बताया जाता है कि दोनों के पास हथियार होने की भनक लगते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और इसकी सूचना तत्काल कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद होने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के देमलपुर निवासी चंदन यादव तथा नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर निवासी लवकुश तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।





प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी नैनीजोर बांध के समीप उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले तस्करों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। हालांकि पुलिस इस जानकारी का सत्यापन कर रही है और दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ ने बताया कि बरामद देसी कट्टा को जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की गहन जांच जारी है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu