- विकास मित्र के पास जमा करें आवेदन, स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर अधिक आवेदन से धीमी हुई प्रक्रिया
बक्सर । पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग के सचिव के निर्देश पर बिहार के सभी जिलों में नए राशन कार्ड निर्गत करने तथा पुराने राशन कार्ड में संशोधन का कार्य तेज कर दिया गया है। यह अभियान 26 जुलाई से 5 अगस्त तक चलेगा।
सहायक आपूर्ति पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार देव ने सोमवार को बताया कि नए राशन कार्ड बनवाने अथवा मौजूदा राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने या अन्य संशोधन के लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीएस (RTPS) केंद्र के अलावा स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर भी आवेदन अपलोड किए जा रहे हैं। हालांकि, इन दिनों बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण स्मार्ट पीडीएस पोर्टल की कार्य गति अपेक्षाकृत धीमी हो गई है।
उन्होंने बताया कि पात्र लाभुकों को आवेदन पत्र के साथ आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन अपने क्षेत्र के विकास मित्र के पास जमा करना होगा। विभाग का लक्ष्य निर्धारित अवधि के भीतर अधिक से अधिक पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाना है।
सहायक आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को अब राशन कार्ड की आवश्यकता नहीं है, वे स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर कर सकते हैं। वहीं, जिन कार्डधारियों को परिवार के किसी सदस्य का नाम जोड़ना, हटाना या अन्य किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर इस विशेष अभियान का लाभ उठा सकते हैं।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पात्र लाभुकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन जमा करें, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर उनका राशन कार्ड निर्गत या संशोधित किया जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments