Ad Code

बक्सर-कोचस मार्ग पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 49.821 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, रोहतास ले जाई जा रही थी खेप



बक्सर । जिले के राजपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार की रात बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर बसही पुल के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान 49.821 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली हैं।



राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर रोहतास जिले की ओर जाने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद बसही पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी चंद्रशेखर कुमार (पिता- अशोक राम) तथा सिमरी थाना क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी कृष्णा ठाकुर उर्फ राजू (पिता- ललन ठाकुर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 49.821 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को भी अपने कब्जे में ले लिया।





थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे रोहतास में किसके पास पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

राजपुर पुलिस ने इसे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu