बक्सर । बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का रविवार को इंडोर बैडमिंटन हॉल, बक्सर में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला (आईएएस) ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में डीएम साहिला ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति की तैयारियों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा तथा वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव उमेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं तथा आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं संघ के वाइस सचिव आशुतोष राय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
19 से 23 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आगामी पांच दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों के एकल एवं युगल मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इंडोर बैडमिंटन हॉल में पूरे दिन खेल को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments