बक्सर । जिले के बनारपुर गांव के होनहार छात्र अभिनव कुमार मौर्य ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) में शानदार सफलता हासिल कर बक्सर का नाम रोशन किया है। अभिनव ने ऑल इंडिया रैंक 1793 तथा कैटेगरी रैंक 598 प्राप्त की है। उन्हें 99.9 परसेंटाइल अंक हासिल हुए हैं।
अभिनव एक किसान परिवार से आते हैं। उनके माता-पिता ने सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की शिक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया। इसी मेहनत और परिवार के सहयोग का परिणाम है कि अभिनव ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
बताया गया कि अभिनव ने वर्ष 2024 और 2025 में भी नीट परीक्षा में अच्छी रैंक हासिल की थी, लेकिन बेहतर रैंक और पसंदीदा सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लक्ष्य को लेकर उन्होंने एक बार फिर 2026 में परीक्षा दी। इस बार उन्होंने अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ऑल इंडिया 1793वीं रैंक प्राप्त की।
अभिनव ने अपनी तैयारी कोटा स्थित एलन (Allen) संस्थान से की। उनकी इस उपलब्धि से बनारपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजन, ग्रामीण और शुभचिंतक उन्हें बधाई दे रहे हैं।
अभिनव के मेंटर गौरव राय ने कहा कि यह सफलता गांव के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिनव की उपलब्धि से प्रोत्साहित होकर आने वाले वर्षों में बनारपुर के और भी छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले और गांव का नाम रोशन करेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments